
गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल में जांची व्यवस्था

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
हिसार, 24 जनवरी (हि.स.)। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारियों
को अंतिम रूप देते हुए शनिवार को फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त महेंद्र
पाल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में आयोजित
होने वाले समारोह की फाइनल रिहर्सल के दौरान उन्होंने डीएसपी प्रिया की अगुवाई में
निकाली गई परेड की सलामी ली, परेड में जवानों द्वारा अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति
का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन व जिला
नगर आयुक्त नीरज भी उपस्थित थे।
फाइनल रिहर्सल के दौरान उपायुक्त महेंद्र पाल व पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार
सावन सबसे पहले लघु सचिवालय के समीप शहीद स्मारक पर पहुंचे और यहां उन्होंने वीर शहीदों
को नमन किया। इसके पश्चात उपायुक्त महेंद्र पाल ने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया
और परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र
की नींव नागरिकों की जागरूकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति निष्ठा पर आधारित होती
है। उपायुक्त ने युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण में
सक्रिय भूमिका निभाते हुए संविधान में निहित मूल्यों को अपने आचरण में उतारें तथा सामाजिक
सद्भाव और भाइचारे को मजबूत करें।
फाईनल रिहर्सल में हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने डीएसपी
प्रिया के नेतृत्व में शानदार परेड का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ज़िला नगर आयुक्त
नीरज, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल, नगराधीश हरिराम सहित अन्य विभागों के
अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक व स्कूलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
