बाइक पर सिवानी मंडी जा रहे थे बाप बेटा

हिसार, 31 जनवरी (हि.स.)। आजाद नगर थाना क्षेत्र
के गांव देवा के पास हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रुप
से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक की
पहचान फतेहाबाद जिले के गांव जांडली खुर्द निवासी प्रवीन के रुप में हुई है, जबकि घायल
का नाम बिल्लू है।
हादसे के शिकार ये दोनों बाइक पर सवार होकर शनिवार सुबह सिवानी
मंडी जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ, जब वे एक ट्राले को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान
पीछे से आई एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक असंतुलित होकर ट्राले से
भिड़ गई। हादसे में प्रवीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में प्रवीन के पिता बिल्लू
को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
और घायल को उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
प्रवीन के
शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है। परिजनों ने बताया कि बिल्लू
ने सिवानी मंडी में सीवरेज बिछाने का ठेका लिया हुआ था। पिछले दो दिनों से काम बंद
था और शनिवार को वे काम के सिलसिले में सिवानी मंडी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में
यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई
की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
