उरई, 26 फ़रवरी (हि.स.)। होली त्योहार को देखते हुए शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने उरई जिला मुख्यालय में सघन अभियान चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को उरई के गणेश गंज स्थित एक किराना दुकान सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान से मैदा, बेसन, किसमिस, कचरी, मिठाई समेत आधा दर्जन खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

जांच के दौरान संबंधित दुकान का पंजीकरण न होने पर दुकानदार को नोटिस जारी किया गया। टीम ने खुले में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के भी सैंपल भरे। निरीक्षण के दौरान सरसों का तेल, रिफाइंड और खुले में रखे रंगयुक्त पापड़ संदिग्ध पाए गए, जिनके नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय सहित विभागीय टीम अभियान में सक्रिय रही। अधिकारियों ने बताया कि होली तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और विभिन्न बाजारों में निरीक्षण कर नमूना संग्रह की कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहार पर लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
