
मार्केट में हर्बल गुलाल की मांग ज्यादा

धमतरी, 03 मार्च (हि.स.)। प्रेम और सौहार्द्र का पर्व होली चार मार्च को उत्साह से मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मंगलवार तीन मार्च को शहर का बाजार गुलजार रहा। होली बाजार नें रौनक के चलते दुकानदारों के चेहरे खिले हुए नजर आए। बाजार में तरह-तरह की रंग-बिरंगी पिचकारी और रंग-गुलाल खरीदते हुए लोग दिखाई दिए। मार्केट में हर्बल ग़ुलाल की मांग ज्यादा रही। शहर-अंचल में शुभ मुहूर्त में होलिका दहन हुआ।

होली पर्व के चलते शहर का मार्केट गुलजार रहा। होली बाजार के विक्रेता मोहन साहू ने बताया कि ज्यादातर ग्राहक हर्बल ग़ुलाल की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता। हानिकारक केमिकल वाले रंग गुलाल सस्ते भले ही मिलते हैं लेकिन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। स्वास्थ्य को देखते हुए अधिकांश ग्राहक हर्बल गुलाल खरीद कर ले जा रहे हैं। मार्केट में यह ग़ुलाल 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक में मिल रहा है। पिछले साल की तुलना में इस बार 15 प्रतिशत तक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन इस बात का प्रतीक है कि हम अपनी बुराइयों को जलाकर अच्छाइयों का धारण करें। यह त्यौहार आदि काल से चला आ रहा है। मालूम हो कि धमतरी शहर में 300 से भी अधिक स्थानों पर होलिका दहन होता है।
मार्केट में तरह-तरह की मिठाइयां
होली पर्व के अवसर पर शहर के होटलों में रंग-बिरंगी स्वादिष्ट मिठाइयां सुबह से लेकर देर रात तक बिकती रही। गुलाब जामुन, बर्फी, पेड़ा, लड्डू, मिल्क केक सहित अन्य मिठाइयों की मांग रही। कुछेक होटलों में खोवा जलेबी बनाई गई थी, जिसे लोगों ने हाथों हाथ खरीदा। होली-दिवाली के खास अवसर पर यह मिठाई बनाई जाती है। इसका क्रेज इतना रहता है कि तैयार होने के कुछ घंटों के भीतर ही यह मिठाई बिक जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
