अंबिकापुर, 29 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में धर्मांतरण मामले को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना गांधीनगर पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े एक मामले में त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार किया है।

गांधीनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर शहर के मठपारा निवासी रोशन तिवारी ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जनवरी को ओमेगा टोप्पो द्वारा अपने निवास पर बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर हिंदू धर्म के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं और लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा था। शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 270, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 5(क) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया कि आरोपित ओमेगा टोप्पो, उम्र 66 वर्ष, निवासी नमनाकला थाना गांधीनगर द्वारा उक्त अपराध घटित किया गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, महिला प्रधान आरक्षक मंजू भगत, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक अतुल शर्मा एवं कुंदन पांडेय की सक्रिय भूमिका रही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह
