

अंबिकापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले में शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने जनपद पंचायत अंबिकापुर के ग्राम पंचायत करजी और लखनपुर के बेलखरिखा का सघन दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करजी में निर्माणाधीन पंचायत भवन और आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। इस दौरान उन्होंने सीएससी सेंटर में महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी कार्यों का अवलोकन किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें अपने घरों का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रशासनिक कसावट लाते हुए जिला पंचायत सीईओ ने बेलखरिखा में आयोजित ग्राम सभा के दौरान कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। समीक्षा में ग्राम पंचायत सचिव लालसाय की अनाधिकृत अनुपस्थिति और कार्यों के प्रति घोर लापरवाही पाए जाने पर सीईओ ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि शासकीय कार्यों में उदासीनता और आमजन की समस्याओं की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही बेलखरिखा में वर्षों से अटके कार्यों की जांच कर उन्हें 15 दिनों के भीतर शुरू करने का निर्देश दिया गया और स्पष्ट किया गया कि यदि काम शुरू नहीं हुआ, तो संबंधित सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध आरआरसी (RRC) जारी की जाएगी। अधूरे प्रधानमंत्री आवासों को भी मई माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
भ्रमण के दौरान आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में संचालित ’संपूर्णता अभियान 2.0’ (28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026) के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों और मितानिनों को स्वास्थ्य एवं पोषण के संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दो आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत और एक नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का भरोसा दिलाया। जल संरक्षण के लिए मनरेगा और गांव के समग्र विकास हेतु 15वें वित्त आयोग की राशि के सही उपयोग का मार्गदर्शन भी दिया गया। निरीक्षण के अवसर पर जनपद सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, उप-अभियंता समेत बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह
