अंबिकापुर, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आज मंगलवार काे एक युवक ने प्रेम विवाह की मांग को लेकर ऐसा कदम उठाया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अपनी जिद मनवाने के लिए वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा।

सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। छीरोपारा गांव का रहने वाला योगेश यादव अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर बैठकर परिजनों के सामने अपनी शर्त रख दी। करीब 40 फीट ऊंचे टावर पर बैठे युवक ने साफ कहा कि अगर उसकी शादी उसकी पसंद की लड़की से नहीं कराई गई तो वह कूदकर जान दे देगा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन शुरुआत में युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
इस दौरान टावर के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और परिजनों ने लगातार युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद आखिरकार परिजनों ने युवक की बात मानने का भरोसा दिया। इसके बाद समझाइश के चलते युवक खुद ही टावर से नीचे उतर आया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि युवक का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध होने का दावा है। वह पहले भी परिवार के सामने शादी की इच्छा जता चुका था। हालांकि, युवती ने इस रिश्ते से इनकार किया था, जिसके बाद युवक ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई अपराध दर्ज नहीं किया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
