

अजमेर, 25 जनवरी(हि.स.)। अजमेर शरीफ़ स्थित ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ की दरगाह में आज वसंत की परंपरागत रस्म श्रद्धा और सम्मान के साथ अदा की गई। यह आयोजन हज़रत सज्जादानशीन साहब के जानशीन (उत्तराधिकारी) हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती साहब की सदारत में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर दरगाह के निज़ाम गेट से दरगाह के मौरूसी क़व्वालों ने हाथों में वसंत का गड़बा लेकर वसंती कलाम पढ़ते हुए आस्तान-ए-शरीफ़ तक प्रस्थान किया। वहाँ हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती साहब ने ख़्वाजा साहब के मज़ार पर वसंत पेश की।
इस मौके पर अपने संबोधन में हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती साहब ने कहा कि आज अजमेर शरीफ़ दरगाह में अदा की गई वसंत की रस्म हमारे देश की उस अनमोल परंपरा का जीवंत उदाहरण है, जहाँ विभिन्न धर्मों और मज़हबों के लोग आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे के साथ एक-दूसरे की परंपराओं को अपनाते और निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की परंपराएँ, रीति-रिवाज़, संस्कृति और संस्कार सदियों से समाज को जोड़ने का कार्य करते आए हैं। ये परंपराएँ हमें एक-दूसरे के धर्म, आस्था और विश्वास के प्रति सम्मान की भावना सिखाती हैं और सामाजिक सौहार्द को मज़बूत करती हैं।
हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने कहा कि इन्हीं परंपराओं को हमारे सूफी संतों, बुज़ुर्गों और महान विभूतियों ने आगे बढ़ाया है, जिसका प्रमाण है कि आज भी बसंत जैसे उत्सव पूरे श्रद्धा और प्रेम के साथ दरगाहों पर मनाए जाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हिंदुस्तान एक ऐसी मज़बूत और अनमोल माला है, जिसके धागे में विभिन्न धर्मों, सभ्यताओं और संस्कृतियों के मोती पिरोए हुए हैं, और यही विविधता भारत को विश्व में एक अद्वितीय पहचान और विशेष स्थान प्रदान करती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन उन लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है, जो धर्म के नाम पर नफ़रत और विभाजन फैलाने की कोशिश करते हैं, जबकि सच्चा धर्म इंसान से मोहब्बत करना, समाज में अमन कायम रखना और दिलों को जोड़ना सिखाता है। हज़रत सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती साहब ने कहा कि पिछले 800 वर्षों से अजमेर शरीफ़ दरगाह इसी संदेश को आगे बढ़ाती आ रही है—सबको साथ लेकर चलने का संदेश, मोहब्बत का पैग़ाम देने का संदेश और नफ़रत की ताक़तों को समाप्त करने का संदेश।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष
