मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के विधायक रोहित पवार गुरुवार को बारामती पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और संबंधित विमानन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

रोहित पवार ने बताया कि उन्होंने बारामती पुलिस स्टेशन में विमान हादसे की जांच की मांग की और डीजीसीए तथा वीएसआर वेंचर्स के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की, लेकिन उनसे पुलिस ने कहा कि इस मामले की छानबीन जारी है और डीजीसीए ने उक्त विमान कंपनी के पांच विमानों की उड़ान रोकने का आदेश दिया है। पवार ने कहा कि वीएसआर कंपनी के सात विमानों में से दो क्रैश हो गए हैं, इनमें एक में अजित पवार सफर कर रहे थे।

पवार ने कहा कि इस मामले की गहन छानबीन की जानी चाहिए कि जब कंपनी के सभी विमान खराब थे, तो विमान अजित पवार को क्यों दिया गया। इसमें शक की जगह है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि इस हादसे की आपराधिक एंगल से जांच की जाए, जबकि डीजीसीए की ओर इस हादसे की तकनीकी जांच की जा रही है। पवार ने आरोप लगाया कि इस मामले में बड़ी हस्तियां आपराधिक जांच नहीं करने देना चाहती। इसी वजह से उनकी एफआईआर नहीं ली जा रही है। रोहित पवार ने कहा कि कानून के तहत उन्हें शिकायत दर्ज करवाने का अधिकार है और वे इसके लिए संघर्ष करते रहेंगे।
शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि विमान हादसे पर अब शक होने लगा है। उन्होंने कहा कि रोहित पवार अगर एफआईआर दर्ज करवाना चाहते हैं तो इसमें गलत क्या है। राऊत ने यह भी कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करनी चाहिए।
उधर, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वीएसआर के किसी भी विमान में यात्रा नहीं करने का निर्णय लिया है। शिवसेना शिंदे समूह के विधायक अर्जुन खोतकर ने कहा कि रोहित पवार विमान हादसे की जांच की मांग कर रहे हैं, यह सही है, लेकिन उनको ध्यान रखना चाहिए कि इससे कानून व्यवस्था पर असर न पड़े।
भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि रोहित पवार को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। इस मामले की जांच सीआईडी से लेकर डीजीसीए कर रहा है। उन्हें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की २८ जनवरी को सुबह बारामती में विमान हादसे में मौत हो गई थी। डीजीसीए ने इस मामले की जांच शुरू की थी, जो अब तक चल रही है। इसके बाद राज्य सरकार ने इस मामले की सीआईडी जांच की घोषणा की। साथ ही राज्य सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
