प्रयागराज, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करछना थाना क्षेत्र में बुधवार रात गढ़ैला गांव के पास किसी वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार नहर में गिर गया और उसकी मौत हो गई। गुरुवार सुबह खोजते हुए परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो शव नहर में पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की।

करछना सहायक पुलिस आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव निवासी राजेंद्र निषाद (50) पुत्र खेमराज निषाद की मौत हुई है। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि वह अपनी बेटी को मोटरसाइकिल से नैनी छोड़ने के लिए गया था। बेटी को छोड़कर अपनी बहन के घर जाने के लिए बुधवार रात जा रहा था। लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। परिवार के लोग देर होती देख फोन से सम्पर्क करने का प्रयास किया । जब फोन से सम्पर्क नहीं हुआ तो रिश्तेदारों से पता किया और खोजते हुए गुरुवार को परिजन घटनास्थल पर पहुंचे । प्रथम दृष्टया मामला सड़़क दुर्घटना में मृत्यु होना प्रतीत हो रही है, फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।—————

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
