

जौनपुर,04 अप्रैल (हि. स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शनिवार को टीडी कॉलेज के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्रों ने अधूरे परीक्षा परिणाम के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ सौ छात्रों ने कुलपति कार्यालय के सामने धरना देते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आक्रोश में कार्यालय का दरवाजा तोड़ने का प्रयास भी किया।प्रदर्शन कर रहे छात्र बीएससी तृतीय वर्ष के पांचवें सेमेस्टर के थे। उनका आरोप था कि हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में गंभीर त्रुटियां हैं, जिससे सैकड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों के अनुसार, सत्र 2025-26 के परिणाम में जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित जैसे विषयों में लगभग 350 छात्रों के परिणाम अधूरे या गलत घोषित किए गए हैं।छात्रों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी उपेक्षा से नाराज होकर उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलपति कार्यालय के दरवाजे को पीटते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया। उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, प्रो. अजय प्रताप सिंह, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर और डॉ. प्रवीण सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और कुलपति व परीक्षा नियंत्रक से तत्काल मुलाकात की मांग करते रहे। काफी देर तक चले गतिरोध के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद देर शाम छात्र शांत हुए और अपना धरना समाप्त कर दिया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके परिणामों में सुधार नहीं किया गया, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
