जम्मू, 07 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने अनंतनाग के आशाजपोरा बाईपास स्थित नगर पालिका पार्क में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने विकास, सुशासन और जन कल्याण के प्रति भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन को जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव अनवर खान, अनंतनाग जिला अध्यक्ष राकेश कौल, कार्यक्रम प्रभारी आबैद हुसैन नेंगरू, वरिष्ठ भाजपा नेता सोफी यूसुफ और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए अशोक कौल ने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि जहां मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।
कौल ने कहा, “मोदी सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए जम्मू-कश्मीर को 1430 करोड़ रुपये की आपदा राहत सहायता प्रदान की है। यह इस क्षेत्र के लोगों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
अशोक कौल ने आगे कहा कि हाल ही में प्रस्तुत केंद्रीय बजट एक सशक्त, जनहितैषी और विकसित भारत उन्मुख बजट है जिसका उद्देश्य युवाओं, किसानों, महिलाओं आदि को सशक्त बनाना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
