

अनूपपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पुष्पराजगढ़ विकासखंड मुख्यालय में शनिवार को समय से चिकित्सीय इलाज एवं चिकित्सा वाहन न मिलने से एक युवक की मृत्यु के बाद जिला प्रशासन कड़ा एक्शन लेते हुए देर रात खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ आरके वर्मा को तत्काल प्रभाव से मुक्त करते हुए डॉक्टर सुरेंद्र सिंह को खंड चिकित्सा अधिकारी पुष्पराजगढ़ का दायित्व सोपा गया है।

ज्ञात हो कि 5 घंटे चले चक्का जाम में ग्रामीणों द्वारा बीएमओ पुष्पराजगढ़ को हटाने की मांग कलेक्टर के आदेश पर डॉक्टर सुरेश चंद्र राय को मौके पर भेज कर स्थिति संभालते हुए उन्होंने उचित कार्यवाही का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त कराया था।
जानकारी के अनुसार शनिवार को छोटे सिंह नेताम पुत्र लाली सिंह की अज्ञात कारणों से घायल अवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ़ लाया गया पुष्पराजगढ़ चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा जांच एवं प्राथमिक उपचार के उपरांत जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया। मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें मेडीकल कालेज जबलपुर रेफर किया गया, जबलपुर ले जाते समय संबंधित की मृत्यु हो गई।
मृत्यु उपरांत मृतक के परिजनों द्वारा पुष्पराजगढ़ में मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम करते हुये आरोप लगाया था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ़ में उचित उपचार एम्बूलेंश, ऑक्सीजन इत्यादि की सुविधा तत्काल उपलब्ध नहीं कराई गई एवं बी.एम.ओ. को तत्काल निलंबित करने की मांग की गई।
जिस पर जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था एवं जन आक्रोश की भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुये डॉ. आर.के. वर्मा, प्रमुख खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ़ जिला अनूपपुर को प्रमुख खण्ड चिकित्सा अधिकारी के दायित्वों से तत्काल मुक्त करते हुए डॉ. सुरेन्द्र सिंह, जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी (डी.एच.ओ.2) जिला अनूपपुर को तत्काल प्रभाव से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पुष्पराजगढ़ का प्रभार सौपा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
