अनूपपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार को हुई बारिश के बाद बुधवार को प्रदेश की प्रमुख एवं अनूपपुर जिले की पर्यटन एवं धार्मिक नगरी अमरकंटक में मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने काले बादलों की तेज गर्जना एवं बिजली की चमक के साथ बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक रुक-रुक कर जारी रही। ज्ञात हो कि तीन दिनाें से जिले भर में असमान पर बादलों ने डेरा जमाये हुए हैं, दोपहर बाद अनमने से सूर्य भगवान के दर्शन हो रहे हैं। जिससे दिन के तापमान में नरमी बनी रही।

बुधवार सुबह से आसमान में सूर्य और बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा, जिसके चलते वातावरण में उमस बनी रही। मौसम विशेषज्ञों द्वारा पूर्व में जताए गए वर्षा के अनुमान के अनुरूप ही शाम के समय बारिश होने से मौसम में बदलाव साफ तौर पर महसूस किया गया। बारिश के चलते पवित्र नगरी अमरकंटक के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। वर्षा से जहां क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली में निखार आया है, वहीं ठंड बढ़ने के आसार को देखते हुए स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
