अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को कलेक्टर हर्षल पंचोली के विशेष निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने चचाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे महुआ की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से अवैध व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी के निर्देशन में की गई।

चचाई पुलिस और मंडी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर महुआ से भरे वाहन को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि महुआ का परिवहन बिना किसी वैध दस्तावेज, परमिट या अनुमति के किया जा रहा था। इसके बाद ट्रक सहित महुआ को जब्त, कर चचाई थाने के सुपुर्द खड़ा करा दिया गया है। जानकारी के अनुसार मामले में मुख्य आरोपी बुढार निवासी दलबीर पाव बताया जा रहा है। दलबीर पाव लंबे समय से क्षेत्र में महुआ व्यापार से जुड़ा हुआ है। टीम ने लगभग 50 क्विंटल महुआ जो 125 बोरियों में भरा हुआ था, जब्त किया है। इतनी बड़ी मात्रा में महुआ की जब्ती प्रशासन की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
