अनूपपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रविवार को कलेक्ट्रेट के नर्मदा सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की अवधारणा मतदाताओं की सहभागिता पर आधारित है। इसी से लोकतंत्र की सार्थकता होती है। सशक्त लोकतंत्र के निर्माण हेतु मतदान की अनिवार्यता का उल्लेख करते हुए सशक्त, सुरक्षित, सतर्क और जागरूक मतदाता बनने हेतु सभी मतदाताओं से समस्त निर्वाचनो में मतदान कर अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य के निर्वहन का आव्हान किया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित लोगों को भय, लोभ, धर्म, जाति अथवा अन्य किसी प्रकार के प्रलोभन से ऊपर उठ निर्भीकता एवं स्वविवेक से मतदान करने की शपथ दिलायी। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार द्वारा मतदाताओं के नाम संदेश का वीडियो प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल, निर्वाचन कार्यालय के प्रभारी पर्यवेक्षक संजय निगम, कमलेश तिवारी, मास्टर ट्रेनर्स डॉ कौशलेंद्र सिंह, अजय जैन तथा विभागीय अधिकारी, नव मतदाता सहित बड़ी संख्या मे शासकीय सेवक उपस्थित रहें।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में उम्मीदवार एवं मतदाता सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। मतदाता लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार हैं। जिनकी आयु 18 वर्ष या 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है, वह मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराकर मत देने का अधिकार प्राप्त करें तथा अपने परिजनों तथा मित्रों जिनकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है, उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रेरित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
