
अनूपपुर, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में ईरान-इजराइल युद्ध के बीच एलपीजी सप्लाई को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। वाणिज्यिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई है, अब अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के अलावा किसी भी अन्य ग्राहक को वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति नहीं होने का आदेश मंगलवार को जिला आपूर्ति अधिकारी अनूपपुर ने जारी कर दिया हैं।

इससे संस्थानों जिससे होटल-रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर असर पड़ने की आशंका है। जिससे जिले में कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से 2000 से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट संकट में आ सकता हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि घरेलू गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है।
जिला आपूर्ति अधिकारी अनीता सोर्ते ने बताया कि भारत सरकार (पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय) के आदेशानुसार मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति और इसके परिणामस्वरूप आयात में उत्पन्न व्यवधान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के अलावा किसी भी अन्य ग्राहक को वाणिज्यिक एलपीजी (थोक और पैक्ड) की आपूर्ति अगली सूचना तक जारी नही की जाएगी।
घरेलू उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए एलपीजी वितरण में अतिरिक्त उपाय भी लागू किए गए हैं, जैसे कि पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार करना। इस कदम का उद्देश्य घबराहट में बुकिंग को रोकना और उपभोक्ताओं के बीच समान वितरण सुनिश्चित करना है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए
सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। पहले यह 853 रुपए की थी। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं। वहीं 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 1 फरवरी को 115 रुपए बढ़ाए गए थे। यह अब 1883 रुपए का मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
