अनूपपुर, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के गुंआरी गांव में रविवार सुबह खेत में बने खंडहरनुमा मकान में मिले अज्ञात युवती के सड़े-गले शव की पहचान सोमवार को परिजनों ने की। उन्होंने युवती के पहने कपड़े, पर्स और मोजे से पहचान की हैं।

हालांकि, शव के अधिक गल जाने के कारण पुलिस ने वास्तविक पहचान के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है। शव का पोस्टमार्टम सोमवार की दोपहर में एक महिला चिकित्सक सहित तीन सदस्यीय चिकित्सकीय टीम द्वारा कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद डीएनए टेस्ट के लिए अवशेष लैब भेजे जाएंगे। इसके उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसडीओपी नवीन तिवारी ने बताया कि जैतहरी थाने में 17 फरवरी से लपटा गांव निवासी युवती काजल पुरी पिता सुखीराम पनिका की गुमशुदगी दर्ज थी। इसी आधार पर रात में परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें शव की पहचान के लिए बुलाया गया था। सोमवार सुबह परिजन शव की शिनाख्तगी के लिए पहुंचे थे। परिजनों ने शव के कपड़ों, पैर के मोजे, पर्स और उसमें मिले 245 रुपये सहित अन्य सामान को काजल पुरी द्वारा उपयोग किए जाने की पुष्टि की। हालांकि, युवती का मोबाइल अभी भी गायब बताया जा रहा है। परिजनों के साथ आई बड़ी बहन ने बताया कि काजल पुरी अनूपपुर स्थित शासकीय तुलसी महाविद्यालय में एमएससी की छात्रा थी और 17 फरवरी को कॉलेज के लिए घर से निकली थी। शाम करीब 4 बजे उसने काजल को दो बार फोन किया, लेकिन घंटी बजती रही और उसने उठाया नहीं। तीसरी बार में मोबाइल बंद बताने लगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से परिचितों सहित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दें कि रविवार सुबह खेत मालिक रामखेलावन राठौर ने खंडहरनुमा मकान में युवती का शव देखकर ग्रामीणों को सूचना दी थी और दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव के पास मिले पर्स से काजल पुरी नाम की पर्ची जब्त कर रात 9 बजे शव को स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में पहुंचाया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
