
बिजनौर, 0१ अप्रैल (हि.स.) | पूर्व सांसद राजा भारतेन्द्र पर बुधवार की शाम काे खालिद और तालिब व उसके भतीजे ने जान से मारने की नीयत से उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब भारतेन्द्र सिंह कोतवाली शहर के गंज रोड स्थित आरा मशीन पर अपने कुछ साथियों सहित पहुंचे थे| इस हमले का वीडियाे साेशल मीडिया पर वायरल हाे रहा है। वायरल हो रहेे वीडियो में पुलिस बचाते हुए दिखाई दे रही है, जबकि भारतेन्द्र सिंह को गोली मारने की बात हमलावराें द्वारा कही जा रही है|

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष २५ जुलाई को भाजपा नेता रोबिन सिंह को तालिब व उनके भाई भतीजें द्वारा गाड़ी में लगी हल्की सी टक्कर लगने पर जानलेवा हमला किया गया था | जिसकी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा था। मुख्यमंत्री द्वारा मामले काे संज्ञान लेने के बाद तालिब के परिवार द्वारा संचालित चार आरामशीन , इनकी अवैध कालोनियों पर बुलडोजर की कार्रवाई करते हुए शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे | यही नहीं तालिब के द्वारा संचालित ग्राम छल्लौर स्थित बागर फैक्ट्री के रिकार्ड की भी राजस्व विभाग के अधिकारियों ने जांच की है|
बताया गया है कि आज हुमा पत्नी तालिब के नाम से सील की गई आरामशीन को सील खोलकर चालू करने का प्रयास किया गया था जिसकी जानकारी होने पर शिकायतकर्ता पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह पहुंचे जहां कहासुनी होने के बाद मामले ने गम्भीर रूप ले लिया| वन विभाग के बिजनौर रेंजर महेश गौतम ने बताया कि हुमा के नाम आरामशीन को बहाल किए जाने के आदेश कोर्ट से दिये गये थे पर बिना विभाग की अनुमति लिये तालिब आदि ने आरामशीन की सील खोलकर चलाने का प्रयास किया है जो नियमानुसार गलत है। इस पर वन विभाग द्वारा कानूनी कार्यवाही की जायेगी | इस मामले में भारतेन्द्र सिंह के पक्ष को जानने का प्रयास फोन पर किया गया जिनसे सम्पर्क नहीं हो सका | पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि थाना कोतवाली शहर क्षेत्रान्तर्गत चांदपुर चुंगी स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री का निरीक्षण के दौरान पूर्व सांसद के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा कहासुनी/विवाद किये जाने की घटना सामने आई है। तहरीर के आधार पर तीन आराेपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
