नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को आजादपुर मेट्रो स्टेशन परिसर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के लोगों को आधार से जुड़ी सेवाएं अपने घर के पास मिल सकेंगी। इन केंद्रों पर आधार अपडेट, बायोमेट्रिक सुधार, पता में फेरबदल, बच्चों का आधार पंजीकरण और अन्य जरूरी काम आसानी से हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में 8 नए आधार सेवा केंद्रों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से 5 केंद्रों का उद्घाटन आज एक साथ किया गया। इस मौके पर मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल देवराहा, यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार, स्थानीय पार्षद और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधार आज गरीबों के सम्मान, अधिकारों की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत की ठोस व्यवस्था बन चुका है। यह प्रणाली सरकारी योजनाओं के लाभ को सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की विश्वसनीय और पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करती है। देश में 143 करोड़ से अधिक नागरिक आधार से जुड़े हैं, जबकि दिल्ली में लगभग 2.5 करोड़ से अधिक लोगों का आधार पंजीकरण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार अब सरकारी स्कूलों में ही बच्चों के आधार पंजीकरण और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध करा रही है। इसके तहत अब तक लगभग दो लाख बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट सफलतापूर्वक किया जा चुका है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं में बच्चों को समय पर लाभ सुनिश्चित होगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रशासनिक सुधारों के तहत ई-ऑफिस, ई-फाइलिंग और पेपरलेस गवर्नेंस को तेजी से लागू कर रही है। आज मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर विधानसभा तक डिजिटल फाइल सिस्टम के माध्यम से कार्य संचालित हो रहा है, जिससे निर्णय प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
