अमेठी, 11 मार्च (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के रायबरेली संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के तमाम कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गए हैं। अब वह शुक्रवार को सीधे अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज के बस्ती देवी गांव स्थित पूर्व जिलाध्यक्ष स्वर्गीय योगेंद्र मिश्रा के घर पहुंचेंगे।

कांग्रेस पार्टी अमेठी के जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने बुधवार की देर शाम इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि राहुल गांधी के होने वाले दो दिवसीय दौरे के समस्त कार्यक्रम अपरिहार्य कर्म से निरस्त कर दिए गए हैं। अब वह शुक्रवार को सीधे अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित बस्ती देई गांव में कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश महासचिव रहे स्वर्गीय योगेंद्र मिश्र के घर पहुंचेंगे। जहां पर उनकी तेरहवीं में आयोजित शांति भोज कार्यक्रम में सम्मिलित होकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करेंगे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर हौसला अफजाई करेंगे।
उन्हाेंने बताया कि इस दौरान अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल सहित तमाम पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यहीं से राहुल गांधी वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां से वे आगे नई दिल्ली रवाना हो जायेंगे ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी
