धनबाद, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-04 की रामकनाली कोलियरी में बीती रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। अपराधियों ने खदान पर धावा बोलते हुए करीब 600 फीट लंबा केबल लूट लिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और आसपास की करीब 15 हजार की आबादी पर जल संकट का खतरा भी मंडराने लगा है।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब खदान में काम कर रहे कर्मी काफी देर तक बाहर नहीं निकले। संदेह होने पर खदान के इंचार्ज अंदर पहुंचे और वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। अपराधियों ने खदान के मुख्य द्वार को काटकर अंदर प्रवेश किया था और वहां मौजूद कर्मियों को बंधक बना लिया था।
इतना ही नहीं, अपराधियों ने कर्मियों से उनके कैप और लैम्प भी छीन लिए, जिससे वे अंधेरे में फंस गए। इसके बाद बदमाशों ने आराम से केबल काटा और मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने खदान की टेलीफोन लाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि सूचना बाहर न जा सके।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल से रामकनाली ओपी की दूरी महज कुछ ही फीट है, इसके बावजूद इतनी बड़ी वारदात हो जाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
खदान इंचार्ज राजेश मंडल ने कहा कि अपराधियों ने गेट काटकर अंदर घुसकर हमलोगों को बंधक बना लिया, इसके बाद कैप-लैम्प छीन लिया और केबल काटकर ले गए। फोन लाइन भी तोड़ दिया गया था।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय कर्मियों में डर का माहौल है। हालात यह हैं कि अब कर्मचारी खदान में ड्यूटी करने से भी कतराने लगे हैं। फिलहाल बीसीसीएल अधिकारियों की ओर से इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दी जा रही है और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
