सीवान, 14 मार्च (हि.स.)।

लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के समग्र विकास में अभिलेखागार विभाग तथा प्रचार-प्रसार विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अभिलेखागार विभाग संस्थान के इतिहास, उपलब्धियों, योजनाओं और गतिविधियों का सुव्यवस्थित संकलन व संरक्षण करता है, जिससे संस्थान की कार्ययात्रा सुरक्षित रहती है और भविष्य की योजनाओं के निर्माण में ठोस आधार मिलता है।
वे शनिवार को महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर, महावीरपूरम, सीवान के सभागार में आयोजित विद्या भारती उत्तर बिहार प्रांत के अभिलेखागार विभाग एवं प्रचार-प्रसार विभाग की प्रांत स्तरीय योजना बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित अभिलेख किसी भी संस्थान की पहचान को सुदृढ़ करते हैं और समय-समय पर आवश्यक निर्णय लेने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
रामलाल सिंह ने कहा कि प्रचार-प्रसार विभाग संस्थान की गतिविधियों, उपलब्धियों और उद्देश्यों को समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह विभाग प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया, पोस्टर, पत्रिकाओं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान की सकारात्मक छवि समाज में स्थापित करता है। प्रभावी प्रचार-प्रसार से समाज में संस्थान के प्रति विश्वास और सम्मान बढ़ता है तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि जब अभिलेखागार विभाग संस्थान के कार्यों का प्रमाणिक दस्तावेज तैयार करता है और प्रचार-प्रसार विभाग उन कार्यों को समाज के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है, तब दोनों मिलकर संस्थान की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और विस्तार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए संस्थान की प्रगति के लिए इन दोनों विभागों का सक्रिय और सशक्त होना आवश्यक है।
बैठक का शुभारंभ प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, कृष्णचंद्र गांधी मीडिया सेंटर सीवान के अध्यक्ष डॉ शरद चौधरी, महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, सचिव राजीव कुमार सिंह तथा प्रधानाचार्य कमलेश नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार, सिवान विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम, चंपारण विभाग निरीक्षक ललित कुमार राय, प्रचार-प्रसार विभाग के प्रांतीय मार्गदर्शक कृष्ण कुमार प्रसाद, अभिलेखागार विभाग के प्रांतीय मार्गदर्शक राजेश कुमार रंजन तथा कृष्णचंद्र गांधी मीडिया सेंटर के सचिव इंदल कुमार सिंह सहित उत्तर बिहार प्रांत के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक में प्रचार-प्रसार विभाग की प्रस्तावित वार्षिक कार्ययोजना प्रांतीय प्रमुख ललन कुमार राय तथा अभिलेखागार विभाग की वार्षिक कार्ययोजना प्रांतीय अभिलेखागार प्रमुख अजय कुमार सिंह ने प्रस्तुत की। बैठक का संचालन विभाग निरीक्षक कृष्ण कुमार प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में महावीरी विद्यालय विजयहाता के सचिव प्रो. शंभू प्रसाद, प्रधानाचार्य डॉ. कुमार विजय रंजन, बरहन गोपाल के प्रधानाचार्य रवीन्द्र राय, बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सिम्मी कुमारी सहित महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर के सभी आचार्य उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
