जम्मू, 09 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू का प्रतिष्ठित विरासत और पर्यटन स्थल, अमर महल, अपने वार्षिक तवी कला एवं संस्कृति महोत्सव की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है जो 13 से 15 मार्च तक ऐतिहासिक अमर महल पैलेस जम्मू में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव हरि तारा चैरिटेबल ट्रस्ट और जम्मू-कश्मीर के पूर्व डोगरा शाही परिवार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित तवी महोत्सव और मेले का चौथा संस्करण है।

अमर महल संग्रहालय की निदेशक डॉ. ज्योत्सना सिंह, जिन्हें तवी महोत्सव की शुरुआत का श्रेय दिया जाता है ने बताया कि तवी महोत्सव में सेमिनार, कार्यशालाएं, वार्ताएं, लोक संगीत और नुक्कड़ नाट्य प्रदर्शन, शास्त्रीय और लोक नृत्य एवं संगीत के साथ-साथ एक जीवंत मेले सहित एक समृद्ध और विविध कार्यक्रम शामिल हैं। यह मेला उद्यमिता, नवाचार, स्थानीय व्यंजनों, जैविक उत्पादों और हिमालयी क्षेत्र के गैर सरकारी संगठनों और कारीगरों से प्राप्त हस्तशिल्प पर विशेष जोर देता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस क्षेत्र की भाषाओं, संस्कृति, वास्तुकला और संगीत की व्यापक विविधता का अभी तक पूरी तरह से अन्वेषण नहीं किया गया है और इस महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर और क्षेत्र से बाहर भी इसकी सराहना और जागरूकता को बढ़ावा देना है। डॉ. ज्योत्सना सिंह ने यह भी बताया कि कला शिविर, गहन कार्यशालाएँ और प्रदर्शनियाँ महोत्सव का अभिन्न अंग हैं।
अमर महल संग्रहालय द्वारा समर्थित बसोहली स्कूल से जुड़े कलाकारों को अपनी तकनीक का प्रदर्शन करने और आगंतुकों के साथ बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे उन्हें अपनी कलात्मक प्रक्रियाओं की जानकारी मिलती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
