– पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के चार साल पूरे

चंडीगढ़, 16 मार्च (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी की सरकार के चार साल पूरे होने पर सोमवार को ऐलान किया है कि पंजाब सरकार अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाएगी। इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। मोहाली के बाद पंजाब का यह दूसरा इंटरनेशनल स्टेडियम होगा।
सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार की नीतियों के कारण पंजाब को पहली बार हॉकी एशिया कप की मेजबानी का अवसर मिला है। यह मुकाबले जालंधर के बल्टन पार्क और मोहाली में होंगे। 21-22 मार्च तक ये फाइनल हो जाएगा। सीएम ने कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा को गैंगस्टरों का सरगना बताते हुए कहा कि उसने अपने गैंगस्टर पैदा कर रखे थे। सीएम ने गृहमंत्री अमित शाह को घेरते हुए कहा कि वह पंजाब में गैंगस्टरों की बात करते हैं, लेकिन गुजरात की जेल में गैंगस्टर लॉरेंस को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पहले कोयले की खान से भी कमीशन खाया जाता था। हमने अपनी खान चालू कराई, जिससे थर्मल प्लांट चलाकर बिजली संकट को दूर किया गया। राज्य में सिंचाई सुधार के लिए मालवा नहर बनाएंगे। जब सरकार आई तो 21 से 22 प्रतिशत नहरी पानी प्रयोग कर रहे थे। आज 70 प्रतिशत से अधिक नहरों से सिंचाई कर रहे है। उन्होंने बताया कि चार साल के कार्यकाल के दौरान सरकार ने अब तक 19 टोल प्लाजा बंद किए, तीन और जल्द हटाने की तैयारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
