वॉशिंगटन, 04 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका में ईरान के दिवंगत सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की भतीजी हामिदेह सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी को हिरासत में लिया गया है। दोनों को अब डिपोर्टेशन प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उनका ग्रीन कार्ड रद्द करने का निर्णय लिया, जिसके बाद आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, हामिदेह सुलेमानी अफशार पर ईरानी शासन के समर्थन और उसके पक्ष में प्रचार करने के आरोप हैं। साथ ही, उन पर अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ हमलों का समर्थन करने और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) जैसे संगठनों की प्रशंसा करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफशार अपनी बेटी के साथ लॉस एंजिलिस में रह रही थीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका ऐसे व्यक्तियों को अपने देश में रहने की अनुमति नहीं देगा, जो उसके खिलाफ गतिविधियों या संगठनों का समर्थन करते हैं।
फिलहाल दोनों आईसीई की हिरासत में हैं और उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
