-4.74 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आधुनिक प्रशासनिक भवन

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में अग्निशमन सेवाओं का सुदृढ़ीकरण
-आवास विकास परिषद अयोध्या निर्माण इकाई-चार कर रही निर्माण कार्य
-भवन में सिविल कार्य, जलापूर्ति, सैनेटरी और आंतरिक विद्युतीकरण की व्यवस्था
-फायर फाइटिंग सिस्टम, बाउंड्री वॉल, सीसी रोड व बाहरी सीवरेज का भी निर्माण
-रेन वाटर हार्वेस्टिंग, अंडरग्राउंड वाटर टैंक, ट्यूबवेल और डीजी सेट की सुविधा
अयोध्या, 13 मार्च (हि.स.)। रामनगरी की बढ़ती आवश्यकताओं और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन में अग्निशमन केंद्र के प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह आधुनिक भवन 4.74 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार किया जा रहा है। क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता में अग्निशमन सेवाओं का सुदृढ़ीकरण शामिल है, जिसके तहत प्रदेश भर में फायर सर्विस को आधुनिक बनाने के प्रयास जारी हैं।
अयोध्या जैसे धार्मिक और पर्यटन केंद्र में यह परियोजना विशेष महत्व रखती है, जहां श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद अयोध्या की निर्माण इकाई-चार इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को संभाल रही है। पुराने जीर्ण-शीर्ण प्रशासनिक भवन को पहले ही ध्वस्त कर दिया गया था, और अब नया भवन उसी स्थान पर उभर रहा है। निर्माण कार्य को एक वर्ष के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अग्निशमन विभाग को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी ने अग्निशमन विभाग को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया है। हाल की समीक्षा बैठकों में उन्होंने निर्देश दिए थे कि विभाग को केमिकल, बायोलॉजिकल और हाईराइज बिल्डिंग्स जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए स्पेशलाइज्ड यूनिट्स गठित की जाएं।
–आधुनिक सुविधाओं से लैस रहेगा प्रशासनिक भवन
नए प्रशासनिक भवन में आधुनिक सिविल कार्य के साथ जलापूर्ति, सैनेटरी व्यवस्था और आंतरिक विद्युतीकरण की पूरी सुविधा होगी। भवन में फायर फाइटिंग सिस्टम को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसमें आग से बचाव के लिए उन्नत उपकरण और अलार्म सिस्टम शामिल होंगे। इसके अलावा बाउंड्री वॉल, सीसी रोड और बाहरी सीवरेज लाइन का भी निर्माण किया जा रहा है, जो पूरे परिसर को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाएगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे वर्षा जल का संरक्षण संभव हो सकेगा। अंडरग्राउंड वाटर टैंक, ट्यूबवेल और डीजल जनरेटर (डीजी सेट) की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि बिजली कटौती या आपात स्थिति में भी सेवाएं निर्बाध चल सकें।
–रामनगरी को और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद अयोध्या की निर्माण इकाई-चार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह नया भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाएगा, बल्कि आपातकालीन प्रतिक्रिया समय को भी कम करने में मदद करेगा। यह परियोजना अयोध्या के समग्र विकास का हिस्सा है, जहां राम मंदिर के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हो रहा है। नया प्रशासनिक भवन तैयार होने के बाद अग्निशमन केंद्र अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा, जिससे शहरवासियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में और मजबूती आएगी। निर्माण कार्य की प्रगति से स्थानीय लोग भी उत्साहित हैं, क्योंकि यह रामनगरी को और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय
