औरैया, 12 मार्च (हि. स.)। अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल स्टेडियम में 9 से 11 मार्च तक आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जनपद औरैया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार एवं मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी दाताराम के निर्देशन में औरैया जनपद के 55 मंडलीय स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जिला व्यायाम शिक्षक मनीष मिश्रा ने बताया कि 8 मार्च को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों की बस को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या के लिए रवाना किया।
दिबियापुर पहुंचने पर प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार अग्निहोत्री व उनकी टीम ने खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अयोध्या के लिए विदा किया।
प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग (33–36 किग्रा भार वर्ग) में कंपोजिट विद्यालय रठगांव, एरवाकटरा के छात्र आदिल ने कांस्य पदक जीता। वहीं कंपोजिट विद्यालय बररू फफूंद, भाग्यनगर की छात्रा वर्षा पाल ने 54–58 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय बेरी धनकर, अजीतमल के छात्र अभिषेक ने 52–57 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया।
कोच व मैनेजर के रूप में राजीव गुप्ता, हेमलता, संजीव पाल, मित्र प्रकाश दुबे, रश्मि पाठक, श्याम प्रकाश गुप्ता और प्रबल प्रताप आदि मौजूद रहे। इसके अलावा प्रतियोगिता में बिधूना विद्यालय के निदेशक मुकुल यादव ने वॉलीबॉल तथा जिला व्यायाम शिक्षक मनीष मिश्रा ने योगासन प्रतियोगिता में राज्य स्तरीय निर्णायक के रूप में अपनी भूमिका निभाई। जनपद के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल संगठनों, शिक्षकों व क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
