इटानगर. 04 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में तिस्सा नदी की तेज धारा में बह जाने के बाद लापता हुए दूसरे युवक का शव शनिवार को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय अधिकारियों के संयुक्त खोज और बचाव अभियान के बाद बरामद कर लिया गया।

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, शव की पहचान चासा गांव के निवासी 25 वर्षीय लाइचैट वांगपान के रूप में हुई है। शव को खोंसा स्थित एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने ओटोंगखोआ गांव के पास तिस्सा नदी से बरामद किया।
ज्ञात हो कि इससे पहले खोज एवं बचाव अभियान के प्रारंभिक चरण के दौरान 2 अप्रैल को आज बरामद युवक के बड़े भाई वांगथोआ वांगपान का शव नदी से बरामद किया गया था।
यह हादसा बुधवार को तब हुई जब दोनों भाई तीन अन्य लोगों के साथ चोपनू गांव से मांस खरीदने के बाद घर लौट रहे थे। दो मवेशियों के साथ घर लौटते समय, समूह के तीन सदस्य नदी को सुरक्षित पार करने में कामयाब रहे।
हालांकि, वांगथोआ कथित तौर पर फिसलकर नदी में गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में लाइचैट पानी में कूद गया, लेकिन दोनों नदी की तेज़ धारा में बह गए।
सकुशल बचे लोगों ने ग्रामीणों और रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
लगातार कोशिशों के बावजूद, शुरुआती खोज में छोटे भाई का पता नहीं चल सका था। तलाशी अभियान में आज एनडीआरएफ को भी शामिल किया गया। इस बीच एसडीआरएफ टीम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नदी से दूसरे युवक के शव को बरामद करने में सफलता मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
