इटानगर, 02 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी क्षेत्र इटानगर और होलोंगी के बीच सड़क किनारे स्थित एक बस स्टॉप से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिकारी का शव आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

मृतक की पहचान पूर्वी कामेंग जिले के दोरिपु बागांग निवासी चुंगमा बागांग के रूप में हुई है, जो पापूम पारे जिला सगाली पीडब्ल्यूडी डिवीजन में अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव को सुबह लगभग 8 बजे चिंपू-होलोंगी रोड शेड के पास स्थित बस स्टॉप पर लोगों ने देखाने के बाद पुलिस को सूचना दी। मृतक का गला ढांचे से बंधा हुआ था, जबकि उसके दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे, जिससे मृत्यु की परिस्थितियों पर हत्या का संदेह पैदा होता है। मामले की सूचना तुरंत चिंपू पुलिस को दी गई।
मृतक के पुत्र अतंग बागांग द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, इटानगर के चिंपू पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।
प्राथमिकी में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता ने बीते 1 मार्च की शाम करीब 7:04 बजे उसे फोन किया और चिंपू स्थित आरके मिशन के पास खड़ी अपनी कार लेने के लिए कहा, क्योंकि वह वहीं पास में रहता है। फोन पर चुंगमा बागांग ने कथित तौर पर एक दोस्त के साथ असम जाने की योजना का जिक्र किया, लेकिन साथी का नाम या यात्रा की व्यवस्था के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने चार जांच दल गठित किए हैं और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए मृतक के परिवार के सदस्यों और अन्य परिचितों के बयान दर्ज करते हुए आसपास के स्थानों से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
मृत्यु के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहरलगुन स्थित टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (टीआरआईएचएमएस) में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
