इटानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के रीगा गांव

के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को कुल 196.44 करोड़ रुपये के
निवेश वाली कई परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन किया।
इस दौरे से जिले भर में बुनियादी ढांचे, संपर्क, शिक्षा और सार्वजनिक सेवा वितरण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
उठाए गए।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रीगा में टाउनशिप सड़कों के सुधार, रीगा में एक नए सर्किट हाउस के निर्माण और सियांग जिले के लिए एक आधुनिक खेल
स्टेडियम की स्थापना सहित प्रमुख विकास पहलों की घोषणा की।
उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ और उपेक्षित क्षेत्रों में समावेशी और सतत विकास
के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान, सरकारी कर्मचारियों के लिए आवास सुविधाओं, रीगा के न्यू हीराम में एक डेरे (सामुदायिक भवन) के निर्माण, पांगिन में एक महिला पुलिस स्टेशन भवन और रीगा के पेगिंग बोट्टे में एक
बहुउद्देशीय सांस्कृतिक हॉल सहित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े निवेश किए गए, जिनमें विभिन्न
संस्थानों और सरकारी स्कूलों में छात्रावास सुविधाओं, कक्षाओं, शैक्षणिक-सह-प्रशासनिक ब्लॉकों और स्टाफ क्वार्टरों का
निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया, जिनमें पांगिन में सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बीआरटीएफरेंगो रोड को बोलेंग के जिला अस्पताल से जोड़ने वाली दोहरी लेन वाली आरसीसी
पक्की सड़क, डोसिंग-पारेंग-यिबुक रोड पर सुब्बंग नदी पर बना 70 मीटर लंबा बेली ब्रिज और बोलेंग (रेंगो) में एक अग्निशमन केंद्र शामिल हैं। इन
परियोजनाओं से जिले में आवश्यक बुनियादी ढांचे और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को
और मजबूती मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
