दुमका, 24 मार्च (हि.स.)। जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के हीरापुर वन क्षेत्र में जिला खनन टास्क फोर्स ने मंगलवार को अवैध कोयला खनन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। सीओ कपिल देव ठाकुर और थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा के नेतृत्व में वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से कुल पांच अवैध कोयला सुरंगों को डोजरिंग कर पूरी तरह बंद कर दिया।

डीसी के सख्त निर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल तैनात रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय कि शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा, हीरापुर नौपहाड़, पंचवाहिनी, गंधर्वपुर, हरिन्सिंगा गांवों में अवैध कोयला के खदान मौजूद हैं और कोयला माफिया प्राय इन अवैध कोयला खदानों से कोयला का उत्खनन कर करते हैं और चांदी काट रहे हैं। इन खदानों में अनियोजित रूप से कार्य करने के कारण जहां मजदूरों की जान हमेशा खतरे में रहती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार
