गुवाहाटी, 27 जनवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया ने मंगलवार को दावा किया कि असम में करीब 50 लाख अवैध बांग्लादेशी रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अभी नहीं निकाला गया तो आने वाले दस वर्षों में राज्य की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।गुवाहाटी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए तोगड़िया ने कहा कि अगर अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में असम में हिमंत बिस्व सरमा जैसे नेता मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने इसे राज्य के लिए गंभीर जनसांख्यिकीय खतरा बताया। तोगड़िया ने कहा कि वह एक सप्ताह के दौरे पर असम आए हैं, इस दौरान वे विभिन्न हिंदू नेताओं और संगठनों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि असम में किसी भी बांग्लादेशी की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध बांग्लादेशियों के मुद्दे पर वे मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा का समर्थन करेंगे और इस लड़ाई में हर संभव सहयोग देंगे।

———–

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
