गुवाहाटी, 14 मार्च (हि.स.)। असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बरपेटा जिला के बरपेटा रोड में एक अभियान के दौरान एक संदिग्ध जिहादी को गिरफ्तार किया है। जिससे राज्य में चरमपंथी तत्वों के खिलाफ चल रही कार्रवाई और तेज़ हो गई है। पुलिस ने सूत्रों ने बताया है कि जिहादी को बीती रात के समय गिरफ्तार किया गया, जिसे फिलहाल गुवाहाटी लाकर पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मुस्तफिजुर रहमान के रूप में हुई है, जिसे एसटीएफ ने एक खास अभियान के दौरान पकड़ा। यह अभियान उसी जांच से जुड़ी पिछली गिरफ्तारियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह ताज़ा अभियान दो संदिग्ध जिहादियों से पूछताछ और उनके कबूलनामे के बाद शुरू किया गया था, जिन्हें इस जांच के सिलसिले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारी से जांचकर्ता रहमान तक पहुंचे, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए तुरंत एक ऑपरेशन चलाया गया।
कार्रवाई करते हुए, एसटीएफ के जवानों ने बरपेटा रोड में अभियान चलाया और आखिरकार रहमान को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से संदिग्ध नेटवर्क और उसके संभावित संपर्कों के बारे में और भी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
अधिकारियों ने अभी तक आरोपित की संदिग्ध गतिविधियों या उसके किसी संगठन से जुड़े होने के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है, लेकिन संकेत दिया है कि जांच अभी जारी है और आगे भी इस मामले में नई बातें सामने आ सकती हैं।
गिरफ्तार किये गए संदिग्ध से आगे की पूछताछ से जांचकर्ताओं को कथित नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने और यह तय करने में मदद मिलने की उम्मीद है कि क्या इसमें और भी लोग शामिल थे।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
