भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने बुधवार काे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए असम के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया और नारेबाजी के जरिए कड़ा संदेश दिया गया।

महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल एक वरिष्ठ जननेता का अपमान है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक मर्यादाओं पर भी सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग उनकी संकीर्ण सोच और दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। प्रमुख रूप से महक राणा (महासचिव), रूपाली शर्मा (महासचिव), गीता जाटव, माया विश्वकर्मा, गंगा बिलाला, निधि शर्मा, सरोज गुजरे, लता देवरे (संयुक्त सचिव), शोभा चाँहदे (संयुक्त सचिव) और गीता चौहान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
महिला कांग्रेस का संकल्प
“हम इस अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं। जब तक असम के मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और भाजपा अपनी सोच में बदलाव नहीं लाती, तब तक हमारा संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।”
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
