गुवाहाटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। असम के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार रात आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और टूटकर बिखर गए, जिससे सड़कों और रिहायशी इलाकों में मलबा फैल गया। खासकर ग्वालपाड़ा और धुबड़ी जिले में तूफान के चलते भारी तबाही हुई है। ग्वालपाड़ा जिले के प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे जिले के बड़े हिस्से अंधेरे में डूब गए।
जिले के वेलाखामार, मानिकपुर, टेंगाबाड़ी, बल्ला और भोजमाला जैसे इलाके तूफान से सबसे अधिक प्रभावित हुए, जहां व्यापक नुकसान की खबर है। प्रशासन द्वारा अभी तक नुकसान का पूरा आकलन नहीं किया जा सका है, जबकि बिजली बहाल करने और मार्गों से मलबा हटाने का कार्य जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
