गुवाहाटी, 30 जनवरी (हि.स.)। असम पुलिस ने समन्वित कार्रवाई के तहत राज्य के दो जिलों में मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की कुल अनुमानित कीमत करीब 9.2 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, चिरांग जिले के बिजनी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित याबा टैबलेट्स बरामद कीं, जिनकी कीमत लगभग 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। याबा टैबलेट एक अत्यधिक नशे की लत लगाने वाला पदार्थ है, जो मेथामफेटामाइन और कैफीन के मिश्रण से बना होता है और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचाता है।
वहीं, कछार जिले में एक अलग अभियान के तहत पुलिस ने 947 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत करीब 4.7 करोड़ रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह मादक पदार्थ 85 पैकेटों से बरामद किया गया और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ब्रह्मपुत्र घाटी और बराक घाटी—दोनों क्षेत्रों में समान दृढ़ संकल्प के साथ नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है, ताकि राज्य में सक्रिय बड़े ड्रग नेटवर्क के संभावित लिंक का पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
