-722 उम्मीदवारों के भाग्य का निर्णय करेंगे ढ़ाई करोड़ से अधिक मतदाता

गुवाहाटी, 09 अप्रैल (हि.स.)। 16वीं असम विधानसभा चुनाव के लिए 126 विधानसभा क्षेत्रों में मतदातान सुबह 7 बजे आरंभ हुआ। भारी सुरक्षा के बीच मतदान सुचारू रूप से आरंभ हुआ। इस बार के चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राज्य के कुल ढ़ाई करोड़ से अधिक मतदाता 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। एक चरण में आयोजित मतदान के लिए निर्बाध और सुव्यवस्थित रूप से मतदान प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम प्रशासन ने किये हैं। आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। राज्य के 31,486 मतदान केंद्रों में इस मतदान की व्यवस्था की गई है। सभी मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था निर्वाचन आयोग ने की है। इस बार चुनाव में कुल 1,51,132 मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही सुचारू रूप से मतदान कराने के लिए पुलिस के साथ सीआरपीएफ बल भी तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 16वीं असम विधानसभा के लिए 722 उम्मीदवारों ने चुनाव में भाग लिया। इनमें पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 663 है और महिला उम्मीदवारों की संख्या 59 है। उल्लेखनीय है कि असम में कुल 815 उम्मीदवारों ने 126 विधानसभा क्षेत्रों में 1,389 नामांकन पत्र दायर किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद, 789 उम्मीदवारों को चुनाव में भाग लेने के योग्य माना गया। इन 789 वैध उम्मीदवारों में से 67 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिया। इसके परिणामस्वरूप चुनाव में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की संख्या 722 हो गई।
उल्लेखनीय है कि, असम की 126 विधानसभा सीटों पर कुल 2,50,54,463 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों का भविष्य सुनिश्चित करेंगे। इसमें 1,25,31,552 पुरुष, 1,25,22,593 महिला और 318 तीसरे लिंग के मतदाता हैं। इसके अलावा 63,423 सेवा मतदाता हैं।
इस चुनाव में लगभग 18-19 साल के 6,42,314 मतदाता, 2,50,006 उम्र के 80 वर्ष से अधिक और 2,05,085 विशेष रूप से सक्षम मतदाता हैं। मतदाताओं की संख्या के अनुसार राज्य का सबसे अधिक मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र दलगांव है। यहां 3 लाख 17 हजार 110 मतदाता हैं। इसके विपरीत, असम का सबसे कम मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र आमरी है। यहां 1 लाख 494 मतदाता हैं।
असम के कुल 126 क्षेत्रों में से 98 सामान्य वर्ग के हैं, जबकि 9 क्षेत्र अनुसूचित जाति और 19 क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित हैं। ज्ञात हो कि इस बार असम की 126 विधानसभा क्षेत्रों में से विधानसभा आधारित सबसे अधिक उम्मीदवारों वाले क्षेत्रों की संख्या दो है। जिसमें 122 नंबर आल्गापुर-काटलीचेरा और 124 नंबर दक्षिण करीमगंज। इन दोनों क्षेत्रों में 15-15 उम्मीदवारों ने मुकाबला किया है। इसी प्रकार, सबसे कम उम्मीदवारों वाले क्षेत्रों की संख्या 9 है। इन क्षेत्रों में प्रत्येक में केवल 2-2 उम्मीदवार ही मुकाबला कर रहे हैं। ये विधानसभा क्षेत्र हैं- 31 नंबर रंगिया, 52 नंबर जागीरोड (अनुसूचित जाति), 63 नंबर होजाई, 69 नंबर नदुवा, 80 नंबर जोनाई (अनुसूचित जनजाति), 82 नंबर दुमदुमा, 94 नंबर माहमारा, 99 नंबर टीयक और 114 नंबर लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र।
ज्ञात हो कि 2021 के 15वें विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए गए थे और उस समय भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन ने 75 सीटें हासिल की थीं। इनमें भाजपा ने 60 सीटें, अगप दल ने 9 सीटें और यूपीपीएल दल ने 6 सीटें जीती थीं। दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व वाले महागठबंधन ने 46 सीटें जीती थीं। इनमें कांग्रेस ने 29 सीटें, एआईयूडीएफ दल ने 16 सीटें और सीपीआई(एम) दल ने 1 सीट हासिल की थी। शेष निर्दलीय के हिस्से में गयी थी।
मतों की गिनती 4 मई को होगी। वहीं वर्तमान 15वीं असम विधानसभा का कार्यकाल आगामी 20 मई को समाप्त होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
