नई दिल्ली, 07 फरवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के प्रवक्ता संजीव झा ने जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के खुदे हुए गड्ढे में एक बाइक सवार (कमल ध्यानी ) की मौत पर शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिख कर के पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे व सरकारी नौकरी की मांग की।

आआपा विधायक संजीव झा ने इस हादसे को सरकारी लापरवाही का परिणाम बताते हुए कहा कि सिर्फ अधिकारियों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार को वास्तविक राहत देना सरकार की नैतिक और मानवीय जिम्मेदारी है।

संजीव झा ने अपने पत्र में कहा कि जनकपुरी क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्य के दौरान सड़क में खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस पूरी घटना ने पूरे दिल्ली को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करने का काम करती है। जिसे पता चलता है कि सरकार सुरक्षा पर ध्यान नही दे रही है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि संबंधित विभागों के जांच और कार्रवाई की जानकारी सामने आ रही है, लेकिन इससे मृतक परिवार की पीड़ा कम नहीं हो सकती।
आआपा विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार आज अपने एकमात्र सहारे को खो चुका है और भविष्य को लेकर गहरी अनिश्चितता में है। ऐसी परिस्थितियों में केवल जांच या कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सरकार को संवेदनशील और न्यायसंगत निर्णय लेते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करना चाहिए।
संजीव झा ने सरकार से पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को न्यायपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य करते हुए इस मामले में विलंब किए बिना मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक मुआवजा प्रदान करने तथा परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की घोषणा करनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार दोबारा से व्यवस्थित हो सकें।
उन्होंने पत्र में समानता की बात करते हुए कहा कि हाल ही में यमुना नदी में डूबने से एक भाजपा कार्यकर्ता की मृत्यु के मामले में दिल्ली सरकार ने तत्काल मुआवजे की घोषणा की थी और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी गई थी।
आआपा विधायक संजीव झा ने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शीघ्र और सकारात्मक निर्णय लेंने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से न सिर्फ पीड़ित परिवार को जीवन दोबारा व्यवस्थित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि सरकार की न्यायपूर्ण और संवेदनशील छवि भी जनता के सामने आएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
