कानपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर हाल ही में शतरंज प्रेमियों के लिए गहन एकाग्रता और प्रतिस्पर्धी उत्साह का केंद्र बना, जब चेस क्लब, आईआईटी कानपुर द्वारा एसबीआई जीआईसी लिमिटेड प्रस्तुत फाइड-रेटेड ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया। यह प्रतियोगिता योगा हॉल और मल्टी-पर्पज रूम (एमपीआर) में आयोजित हुई, जिसमें देशभर से आए कुल 336 शतरंज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों की संख्या और स्तर के लिहाज से यह आईआईटी कानपुर में अब तक आयोजित सबसे बड़े और सबसे प्रतिस्पर्धी फाइड-रेटेड रैपिड टूर्नामेंटों में से एक रहा।

इस टूर्नामेंट में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती हुई प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता का नेतृत्व भारत के नवीनतम ग्रैंडमास्टर-इलेक्ट ने किया, जिन्होंने सभी ग्रैंडमास्टर नॉर्म पूरे कर लिए हैं और 2500 से अधिक फाइड रेटिंग का मानक भी पार किया है। इसके साथ ही तीन इंटरनेशनल मास्टर्स, कई फाइड मास्टर्स, दो कैंडिडेट मास्टर्स, एक वुमन फाइड मास्टर, कई एरीना-टाइटल खिलाड़ी और देश के विभिन्न क्लबों, संस्थानों व क्षेत्रों से आए मजबूत प्रतिभागियों ने टूर्नामेंट को बेहद रोचक बना दिया।
आईआईटी कानपुर की मीडिया प्रभारी सलोनी नागरकुट्टी ने सोमवार को बताया को फाइड रैपिड शतरंज नियमों के अनुसार आयोजित इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को एक पेशेवर और सुव्यवस्थित प्रतिस्पर्धी मंच प्रदान किया। यह आयोजन केवल मुकाबलों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका उद्देश्य कैंपस में उच्च स्तरीय शतरंज को बढ़ावा देना और युवा व उभरते खिलाड़ियों को बिना लंबी यात्रा के शीर्ष रैंकिंग और टाइटलधारी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना भी रहा।
जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़े, हर बोर्ड पर कड़े संघर्ष, रणनीतिक चालें और धैर्य का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पूरे दिन चले रोमांचक मुकाबलों के बाद टूर्नामेंट में प्रथम स्थान पर इंटरनेशनल मास्टर अनुज श्रीवास्त्री, द्वितीय स्थान पर अर्नव अग्रवाल, तृतीय स्थान पर इंटरनेशनल मास्टर आर्यन वर्शनेय, चतुर्थ स्थान पर इंटरनेशनल मास्टर आदित्य ढिंगरा और पंचम स्थान पर इंटरनेशनल मास्टर दिनेश के. शर्मा शीर्ष विजेता रहे।
चेस क्लब, आईआईटी कानपुर ने टूर्नामेंट के मुख्य प्रायोजक एसबीआई जीआईसी लिमिटेड और सह-प्रायोजक एसबीआई का आभार व्यक्त किया। साथ ही निर्णायकों, स्वयंसेवकों और सभी प्रतिभागियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। इस सफल आयोजन के साथ आईआईटी कानपुर ने खेल उत्कृष्टता और बौद्धिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
