


खड़गपुर, 26 जनवरी (हि. स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर में सोमवार को देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण के बीच भारत का 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के डीन, संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ कार्यवाहक निदेशक एवं अधिष्ठाता (प्रशासन) प्रो. कमल लोचन पाणिग्रही द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात सुरक्षा कर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने परेड प्रस्तुत की तथा गणतंत्र दिवस प्रतिज्ञा दिलाई गई।
यह आयोजन इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि आईआईटी खड़गपुर अपने स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्लैटिनम जुबली वर्ष मना रहा है। साथ ही, राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का संयोग भी इस समारोह से जुड़ा रहा।
अपने संबोधन में प्रो. पाणिग्रही ने ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और भारत की आत्मा का प्रतीक बताया। उन्होंने निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती के नेतृत्व में संस्थान द्वारा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में की जा रही निरंतर प्रगति को भी रेखांकित किया।
समारोह को और अधिक आकर्षक बनाने में आसपास के विद्यालयों—मॉन्ग्रेस डे केयर सेंटर, सेंट एग्नेस स्कूल, केंद्रीय विद्यालय तथा हिजली हाई स्कूल—के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत एवं ऊर्जावान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्साह और राष्ट्रप्रेम के रंगों से भर दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राजीव रावत (वरिष्ठ हिंदी अधिकारी) आईआईटी खड़गपुर ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
