नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में बुधवार को होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत परामर्श जारी किया है। दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम (पहले फिरोजशाह कोटला मैदान) में शाम सात बजे से खेला जाएगा।

मैच के मद्देनजर स्टेडियम के आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक मोड़ा जाएगा। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग तथा गुरु नानक चौक से आसफ अली मार्ग के बीच भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इन मार्गों से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों की भीड़ को देखते हुए कुछ प्रमुख मार्गों से बचने की सलाह दी है। इनमें राजघाट से दिल्ली गेट तक जवाहरलाल नेहरू मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली मार्ग और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों पर दोनों ओर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है।
प्रवेश के लिए अलग-अलग मार्ग तय
स्टेडियम के दक्षिणी हिस्से के गेट संख्या 1 से 8 तक प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग से होगा। पूर्वी हिस्से के गेट संख्या 10 से 15 तक दर्शकों को जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित अंबेडकर स्टेडियम बस अड्डे के पास से प्रवेश मिलेगा। वहीं पश्चिमी हिस्से के गेट संख्या 16 से 18 तक प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से होगा।
स्टेडियम के पास पार्किंग नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम दर्शकों के लिए स्टेडियम के आसपास वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। केवल वैध अनुमति-पत्र वाले वाहनों को ही निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की सुविधा मिलेगी। बिना अनुमति वाले वाहनों को स्टेडियम के पास आने नहीं दिया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
‘पार्क एंड राइड’ सुविधा उपलब्ध
ट्रैफिक पुलिस अधिकारी के अनुसार दर्शकों की सुविधा के लिए माता सुंदरी मार्ग, वेलोड्रोम मार्ग, शांति वन और राजघाट क्षेत्र में वाहन खड़ा करने और वहां से बस के जरिए स्टेडियम तक आने-जाने की व्यवस्था की गई है। यह सेवा मैच शुरू होने से दो घंटे पहले शुरू होगी और मैच समाप्त होने के बाद एक घंटे तक जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
