बाराबंकी 02 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कस्बा रामनगर से फतेहपुर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित आगानपुर रेलवे पुल के चौड़ीकरण की मांग क्षेत्र में जोर पकड़ती जा रही है। पुल संकरा होने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों, स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि पुल के दोनों ओर लगभग सात-सात मीटर चौड़ी सड़क बनी हुई है लेकिन पुल की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। सड़क के अनुरूप रेल पुल चौड़ा कराए जाने की मांग लगातार उठ रही है।

यह मार्ग कभी क्षेत्र का प्रमुख यातायात मार्ग है । हाइट गेज लगने से पूर्व इस रास्ते से दिल्ली तक बसों का संचालन होता था और दिल्ली से अयोध्या आने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते थे। हाइट गेज लगाए जाने के बाद से बड़े वाहनों और बसों का आवागमन लगभग बंद हो गया है। इससे क्षेत्र के व्यापार, यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि भारी वाहनों के बंद होने से बाजार में माल की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।पच्चीस किमी घूम कर सूरतगंज होते आवागमन हो रहा है।
बीते महीने पुल पर हुए हादसे के बाद से चौड़ीकरण की मांग और तेज हो गई है। बीते महीने एक डंपर पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गया था। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में पुल की सुरक्षा और मजबूती को लेकर चिंता बढ़ी तो रेल विभाग ने इसके चौड़ीकरण का सर्वे करवाया लेकिन अभी बनवाने की दिशा में कोई काम शुरू नहीं हुआ। केवल साइड में लोहे के बेरीकेट व जाली लगवाकर छोटे वाहनों को निकलने दिया जा रहा है। इस समय संकरे पुल पर आमने-सामने छोटे वाहनों के ही आने पर लंबे समय तक जाम लग जाता है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर मरीजों को खतरा बढ़ जाता है। बुढ़वल स्टेशन अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं है अगर हमें कोई शिकायती पत्र मिलता है तो रेलवे के उच्च अधिकारियों को भेज देंगे। यह कार्य इंजीनियरिंग विभाग का है,वही सब देखते हैं।
तहसीलदार विपुल कुमार सिंह का कहना है कि अगर हमें शिकायती पत्र मिलता है तो हम रेल विभाग को भेजेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
