सिलीगुड़ी, 7 फरवरी (हि.स)। भीषण आग में पूरा घर जलकर राख हो गया। यह घटना सिलीगुड़ी महकमा के नक्सलबाड़ी के मणिराम ग्राम पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ढाकना कॉलोनी की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार दिन रात शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज़ थी कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी और आतंक का माहौल बन गया। इस आग में एक परिवार के दो कमरे पूरी तरह जलकर खाक हो गए, साथ ही घर का सारा फर्नीचर और ज़रूरी दस्तावेज़ भी नष्ट हो गए। इसके अलावा आग की चपेट में आकर एक और कमरा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।
घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में स्थानीय लोगों ने ही साहस दिखाते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवज़े की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
