गुवाहाटी, 28 फरवरी (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज से असम में राज्यव्यापी ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ की शुरुआत की है। यह यात्रा जनसंपर्क अभियान के तहत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य राज्य भर में लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना है।

यात्रा का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की उपस्थिति में शोणितपुर जिले के ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र स्थित गुप्तेश्वर मंदिर से किया गया। भाजपा ने इस अभियान के दौरान प्रतिदिन लगभग एक लाख लोगों से संपर्क साधने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पहला चरण 28 फरवरी से 9 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 34 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य के जनसाधारण के साथ व्यापक संपर्क स्थापित करना तथा पार्टी की उपलब्धियों, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं को जनता के समक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 34 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल का लक्ष्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और विधानसभा चुनाव से पूर्व जनसमर्थन को एकजुट करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
