मुंबई, 08 फरवरी (हि.स.)। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मुंबई में पुलिस वालों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो को सेवा से बर्खास्त किया गया है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने की है।

पुलिस आयुक्त देवन भारती ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल की विश्वसनीयता और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। भविष्य में भी नियमित समीक्षा की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस की विभागीय समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया था कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोताही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों में कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पहले से निलंबित 23 पुलिसकर्मियों के निलंबन को समीक्षा के बाद बरकरार रखा गया है। इन सभी मामलों में ड्यूटी में गंभीर लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, लंबे समय तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहना और अनुचित आचरण जैसी शिकायतें सामने आई थीं। कुछ मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों पर अपने कार्यक्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई न करने और जिम्मेदारी सौंपे जाने के बावजूद निष्क्रिय रहने के आरोप थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
