सीवान, 10 फरवरी (हि. स.)। बिहार में सीवान जिले को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त करने के लक्ष्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार से सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। हुसैनगंज प्रखंड के मड़कन गांव स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने लोगों को डी.ई.सी. एवं अल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर एमडीए अभियान 2026 की विधिवत शुरुआत की।

सिविल सर्जन ने बताया कि 10 फरवरी 2026 से शुरू हुए इस सामूहिक दवा सेवन कार्यक्रम के तहत सीवान जिले के आठ प्रखंडों में कुल 14 लाख 24 हजार 08 लाभार्थियों को फाइलेरिया से सुरक्षित रखने के लिए डी.ई.सी. एवं अल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक दी जाएगी। यह दवाएं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर अपने सामने खिलाई जाएंगी। दवाओं का वितरण नहीं किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा खाली पेट नहीं लेनी है। साथ ही 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं खिलाई जाएगी।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यालय, सिवान के तत्वावधान में संचालित यह अभियान तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 14 दिनों तक घर-घर जाकर दवा सेवन कराया जाएगा। 11 फरवरी 2026 को मेगा ड्राइव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर अपने परिवार सहित दवा का सेवन किया। इसके बाद तीन दिनों तक दवा सेवन का फॉलो-अप कार्य किया जाएगा।
अभियान शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। इसकी सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों का भी सहयोग लिया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे फाइलेरिया रोधी दवा अवश्य सेवन करें, ताकि बीमारी की रोकथाम हो सके और वर्ष 2027 तक फाइलेरिया उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम में शामिल हुए पदाधिकारी
कार्यक्रम में डीवीबीडीसीओ डॉ. ओम प्रकाश लाल,डीपीएम विशाल कुमार सिंह, एमओआईसी हुसैनगंज डॉ. कन्हैया कुमार, डीपीएम विशाल सिंह, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ अमजद खान, वीडीसीओ प्रीति आनंद, विकास कुमार, कुंदन कुमार, वीबीडीसी नीरज कुमार, यूनिसेफ एसएमओ कामरान खान, पिरामल स्वास्थ्य से संजय यादव एवं राजेश तिवारी तथा मुखिया अमरेंद्र कुमार यादव उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
