



गोरखपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय में शनिवार को नवप्रवेशी छात्राओं के स्वागत एवं वरिष्ठ छात्राओं को भावभीनी विदाई देने के उद्देश्य से फ्रेशर्स पार्टी एवं फेयरवेल समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्साह, आत्मीयता, भावुकता और सांस्कृतिक उल्लास का मनोहारी संगम देखने को मिला। आयोजन फ्रेशर्स और फेयरवेल दोनों स्वरूपों में आयोजित किया गया, जिसमें एक ओर नई छात्राओं के लिए स्वागत का आत्मीय भाव था, तो दूसरी ओर वरिष्ठ छात्राओं के लिए सम्मान, स्मृतियों और शुभकामनाओं से भरी विदाई का संदेश निहित था।

समारोह के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र ने कहा कि फ्रेशर्स और फेयरवेल जैसे आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि ये विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संवाद-कौशल, आत्मविश्वास और आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने के सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने जीवन में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता को भी समान महत्व दें, क्योंकि यही तत्व उन्हें भविष्य में विशिष्ट पहचान दिलाएंगे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या डॉ. गौरी पांडेय ने कहा कि महाविद्यालय परिवार के लिए यह अवसर अत्यंत विशेष होता है, जब एक ओर नई छात्राओं का स्वागत किया जाता है और दूसरी ओर वरिष्ठ छात्राओं को नई उड़ान के लिए शुभाशीष दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि संवेदनशील, सशक्त और मूल्यनिष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करना है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को अपना मार्गदर्शक बनाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिकाओं और गणमान्यजनों ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में बिताए गए दिन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जीवन भर साथ चलने वाली स्मृतियाँ, संबंध और अनुभव भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष डॉ सीमा श्रीवास्तव, डॉ प्रियंका त्रिपाठी, डॉ. अर्पिता त्रिपाठी, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. प्रत्या उपाध्याय, डॉ. रेनू गौर, डॉ. सुषमा मिश्रा, शिवांगी त्रिपाठी, डॉ. आमना खातून, डॉ. कुमुद त्रिपाठी, डॉ. शीला त्रिपाठी, डॉ. श्रुति त्रिपाठी, शालिनी त्रिपाठी, प्रिया श्रीवास्तव, तृप्ति सिंह तथा नर्सिंग विभाग के प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह चौधरी, पूर्व प्रधानाचार्य लौरीटा याकूब सहित अनेक शिक्षिकाएँ एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
