रामगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ में सोमवार को एक आदिवासी लड़की से शादी करने के लिए एक दूसरे समुदाय का लड़का रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचा। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोगों को जैसे ही इसका पता चला वे वहां पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर अपरा तफरी जैसा माहौल बन गया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों के द्वारा भी हंगामा किया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने साथ रामगढ़ थाना ले आई। साथ ही इसकी जानकारी पुलिस ने लड़की के घरवालों को दी। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय आदिवासी युवती सीमा कुमारी पिता बाबूलाल मुंडा अपनी बहन के साथ रांची में रहा करती थी। इसी बीच गिद्दी का रहने वाले अब्दुल मनान से उसे प्यार हो गया था। दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

सीमा और अब्दुल मनान ने शादी के लिए रजिस्ट्रार ऑफिस में आवेदन दिया है। फिलहाल यह आवेदन नोटिस पीरियड में है। अगर किसी को इस पर आपत्ति नहीं हुई और दोनों लोगों के परिवार वालों ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई तो एक महीने के बाद शादी होगी।
रामगढ़ पुलिस युवक और युवती से पूछताछ कर रही है। दोनों के परिजनों को सूचना भी दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक युवक और युवती थाने में ही मौजूद हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
