कोलकाता, 30 जनवरी (हि. स.)। आनंदपुर में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित आर्थिक सहायता पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आभार व्यक्त किया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सुकांत मजूमदार ने प्रधानमंत्री के प्रति दिल से धन्यवाद और गहरी कृतज्ञता प्रकट की।

अपने पोस्ट में सुकांत मजूमदार ने कहा कि आनंदपुर के विनाशकारी अग्निकांड में जिन लोगों की जान गई है, उनके शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़े होने के लिए दी गई यह आर्थिक सहायता एक महत्वपूर्ण मानवीय कदम है और इससे संवेदना का मजबूत संदेश जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन और दुखद समय में यह सहायता प्रभावित परिवारों को मानसिक और सामाजिक संबल प्रदान करेगी। सुकांत मजूमदार ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की यह पहल पीड़ित परिवारों के लिए राहत का काम करेगी।
सुकांत मजूमदार ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह मानवीय पहल एक बार फिर साबित करती है कि वह हर कठिन समय में पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ खड़े रहते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
